RJD का 30वां स्थापना दिवस: लालू-तेजस्वी की मौजूदगी में संगठन को मजबूत करने का संकल्प, चुनावी एकजुटता पर जोर
Bihar News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को अपना 30वां स्थापना दिवस पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत लालू प्रसाद यादव द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद पूरा परिसर “लालटेन” के नारों से गूंज उठा। स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए लालू यादव ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और गरीब, पिछड़े तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को और धार देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “सभी लोग एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करें। हम गरीबों के लिए लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।” लालू यादव ने यह भी दोहराया कि RJD हमेशा सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की आवाज बनकर संघर्ष करती रही है और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी।
समारोह के दौरान पार्टी नेताओं ने लालू प्रसाद यादव का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें पार्टी के चुनाव चिह्न ‘लालटेन’ की प्रतिकृति भेंट की। इसके बाद लालू यादव और तेजस्वी यादव मंच पर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी और तालियों के साथ उनका स्वागत किया। तेजस्वी यादव का मखाना माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में राजनीतिक रंग भी देखने को मिला। “भरत एनकाउंटर” मामले को लेकर मंच से सवाल उठाए गए। कलाकार छोटू छलिया ने आरोप लगाया कि यदि संबंधित व्यक्ति ने आत्मसमर्पण किया था तो उसे गोली नहीं मारी जानी चाहिए थी। उन्होंने सरकार पर जातीय आधार पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए तीखी टिप्पणी की।
इस दौरान छोटू छलिया ने मंच से गीत प्रस्तुत किया— “नाही चाली तोहरो तानाशाहीया, जागल बा बिहरिया…”—जिस पर कार्यकर्ताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
स्थापना दिवस समारोह के जरिए RJD ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का संदेश दिया। नेताओं ने स्पष्ट संकेत दिया कि आने वाले समय में पार्टी पूरी एकजुटता के साथ राजनीतिक मैदान में उतरेगी।