बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार पर RJD का हमला, सबौर कृषि विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप

 

Bhagalpur: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सियासी हलचल तेज हो गई है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने सबौर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति दुनिया राम सिंह की नियुक्ति को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की “संरक्षण राजनीति” करार दिया है।

सुधाकर सिंह का आरोप है कि जब दुनिया राम सिंह उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित चंद्रशेखर कृषि विश्वविद्यालय में VC थे, तब उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे और जेल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसके बावजूद इस्तीफा लेने के बाद उन्हें नीतीश सरकार ने सीधे सबौर कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त कर दिया।

सांसद ने दावा किया कि VC ने नियुक्ति के बाद अपने बेटे, बेटी और अन्य रिश्तेदारों को सरकारी नौकरी दी, भर्ती प्रक्रिया में धांधली की और अब तक 150 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की 60% सीटें उत्तर प्रदेश के छात्रों को बेची जाती हैं।

सुधाकर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार की रोक के बावजूद हाल ही में 300 से अधिक नियुक्तियाँ की गईं और करोड़ों की वसूली हुई। उन्होंने बताया कि शिकायत मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भेजी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

राजद सांसद का यह बयान बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार की साख पर सवाल उठाता है और राजनीतिक महौल को गर्माए रखता है।