अब नहीं चलेगा सड़क पर कब्जा: राज्यभर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू
नगर निगम, पुलिस और ट्रैफिक की संयुक्त कार्रवाई
अभियान के तहत नगर निगम की टीमें जेसीबी मशीन के साथ मैदान में उतरी हैं। पुलिस और ट्रैफिक विभाग के सहयोग से ठेले, अस्थायी दुकानें, अवैध शेड और सड़क किनारे की अनधिकृत पार्किंग को हटाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर सामान जब्त किया जा रहा है और जुर्माना भी लगाया जा रहा है।
सड़कें होंगी चौड़ी, फुटपाथ चलने लायक
परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिससे जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। कई जगह फुटपाथ पूरी तरह बाधित हैं, जिससे पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है। आपातकालीन सेवाओं, जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी समय पर पहुंचने में दिक्कत होती है।
डीटीओ को नियमित मॉनिटरिंग का आदेश
सभी जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में नियमित निगरानी करें, संयुक्त टीमों का गठन करें और अभियान को लगातार जारी रखें। लक्ष्य स्पष्ट है- सड़कें सुरक्षित हों, ट्रैफिक सुचारू चले और आम लोगों को राहत मिले।
राज्य सरकार की इस मुहिम से उम्मीद की जा रही है कि शहरों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क हादसों में कमी आएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह अभियान कितनी सख्ती और निरंतरता से लागू होता है।