बिहार में 51,600 करोड़ के निवेश का रास्ता साफ, उद्योग जगत ने सरकार के फैसले का किया स्वागत
Bihar news: बिहार में औद्योगिक निवेश को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार के बड़े कदम का उद्योग जगत ने स्वागत किया है। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्टील, टेक्सटाइल और न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में 51,600 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर को राज्य के औद्योगिक विकास के लिए ऐतिहासिक पहल बताया है।
चैम्बर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला बिहार में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
चैम्बर के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने देश के 10 प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ समझौता कर बिहार में बड़े पैमाने पर निवेश का मजबूत आधार तैयार किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन निवेश प्रस्तावों को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे प्रदेश में उद्योगों का विस्तार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार भी किए हैं। निष्क्रिय औद्योगिक इकाइयों से वापस ली गई जमीन के बदले भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि खाली हुई भूमि नए निवेशकों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही BIADA Land Allotment and Management Policy 2026 में किए गए संशोधनों से निवेशकों को जमीन आवंटन की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं पारदर्शी होगी।
चैम्बर का मानना है कि औद्योगिक नीतियों में सुधार, भूमि की आसान उपलब्धता और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के कारण बिहार निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। आने वाले वर्षों में इसका सीधा लाभ राज्य की अर्थव्यवस्था, उत्पादन क्षमता और रोजगार सृजन पर देखने को मिलेगा।
चैम्बर ने विश्वास जताया कि सरकार और उद्योग जगत के साझा प्रयासों से बिहार तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा और ‘समृद्ध एवं विकसित बिहार’ का लक्ष्य साकार करने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।