समालखा में RSS की सबसे बड़ी बैठक 13 से: शताब्दी वर्ष, संगठन विस्तार और सामाजिक चुनौतियों पर होगा बड़ा मंथन

 
Bihar news: RSS की सबसे महत्वपूर्ण और निर्णय लेने वाली बैठक अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा स्थित माधव सृष्टि परिसर में आयोजित होने जा रही है। तीन दिनों तक चलने वाली इस अहम बैठक में देशभर से संघ और उससे प्रेरित संगठनों के करीब 1487 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इसकी जानकारी संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेडकर ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बैठक का शुभारंभ 13 मार्च की सुबह सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की मौजूदगी में होगा।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

बैठक में इस समय चल रहे संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बताया गया कि स्वयंसेवकों ने अब तक गृह संपर्क अभियान के जरिए देशभर में 10 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंच बनाई है, जबकि यह अभियान अभी भी जारी है।

सामाजिक चुनौतियों और समरसता पर भी चर्चा

प्रतिनिधि सभा में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर भी मंथन होगा। खास तौर पर संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। यह अभियान 1 फरवरी से अगले वर्ष 20 फरवरी तक देशभर में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य समाज में समरसता का संदेश फैलाना है।

एक साल में 5500 नई शाखाएं शुरू

संघ के संगठन विस्तार पर भी इस बैठक में विशेष ध्यान दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में देशभर में 5500 से अधिक नई शाखाएं शुरू हुई हैं। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी संघ से जुड़ने की इच्छा रखने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और हर साल करीब 1.25 लाख लोग ‘जॉइन RSS’ के माध्यम से रुचि व्यक्त कर रहे हैं।

32 संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी भी होंगे मौजूद

इस प्रतिनिधि सभा में संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारियों के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्र सेविका समिति, भारतीय किसान संघ और भारतीय मजदूर संघ सहित करीब 32 संघ प्रेरित संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

बैठक के अंतिम दिन 15 मार्च को सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले प्रेस वार्ता कर बैठक में लिए गए फैसलों और प्रस्तावों की जानकारी मीडिया के साथ साझा करेंगे।