1942 के अमर बलिदानियों को नमन, सप्तमूर्ति पर शहीद छात्रों को दी गई श्रद्धांजलि

 

Bihar news: भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सात अमर छात्रों को मंगलवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की ओर से विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने सप्तमूर्ति स्थित शहीदों की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद बिहार विधानसभा परिसर स्थित ‘अमर जवान ज्योति’ पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता आंदोलन में सातों छात्रों के साहस और बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के बाद बिहार विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ‘अमर जवान ज्योति’ पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सभी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

1942 में तिरंगे के लिए दी थी जान

भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान 11 अगस्त 1942 को पटना सचिवालय पर तिरंगा फहराने के प्रयास में सात छात्रों ने अंग्रेजी हुकूमत की गोलियों का सामना किया था। इन युवाओं का बलिदान बिहार के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में साहस और देशभक्ति की मिसाल माना जाता है।

सप्तमूर्ति पर स्थापित इन शहीदों की प्रतिमाएं आज भी नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाती हैं। विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।