पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कमी की खबरों पर संजय झा का पलटवार, बोले-“अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर समाज में डर का माहौल बना रहे हैं, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी को बढ़ावा मिल सके। लेकिन सरकार ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
केंद्र सरकार की निगरानी में पूरी व्यवस्था
संजय झा ने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं।
उनके अनुसार, यदि कोई व्यक्ति पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष और सोशल मीडिया पर निशाना
जदयू नेता ने विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर फैल रही खबरों को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे अफवाहों के जरिए घबराहट फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पैनिक में आकर अतिरिक्त बुकिंग या जमाखोरी न करें, क्योंकि देश में जरूरत के मुताबिक पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं।
तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना
पत्रकारों के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव पर भी संजय झा ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान केवल राजनीतिक स्टंट का हिस्सा हैं और जनता अब इन बातों को समझ चुकी है।
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी का जिक्र
संजय झा ने यह भी बताया कि मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स, इंडिया ने राज्यों को एडवाइजरी जारी कर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू रखने और जमाखोरों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।