फरक्का संधि पर संजय झा का बड़ा बयान, बोले- बिहार के पानी का पहले तय हो हिस्सा, नहीं तो आगे न बढ़े समझौता
Bihar News: बिहार में बाढ़ के बीच फरक्का संधि को लेकर सियासत तेज हो गई है। जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने गुरुवार को केंद्र से फरक्का संधि को आगे बढ़ाने से पहले बिहार के हितों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संधि की वजह से बिहार के हिस्से का पानी बाहर जा रहा है और इसका असर राज्य में बाढ़ की स्थिति पर भी पड़ता है।
संजय झा के मुताबिक, 12 दिसंबर को फरक्का संधि की अवधि समाप्त हो रही है। ऐसे में अब जब इस पर दोबारा फैसला होना है तो बिहार के हितों को सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर समझौता आगे बढ़ता है तो पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि बिहार को उसके हिस्से का पानी मिले।
‘बिहार का पानी बांग्लादेश जा रहा’
संजय झा ने कहा कि फरक्का समझौते के कारण बिहार के पानी का एक हिस्सा बांग्लादेश की ओर जा रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बताते हुए कहा कि बिहार के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय फरक्का समझौते को लेकर अलग तरह की बातें कही गई थीं। संजय झा ने दावा किया कि गुजराल को यह समझाया गया था कि समझौता करने से उन्हें नोबेल पुरस्कार मिल सकता है और इसी वजह से यह समझौता हुआ।
जेडीयू नेता ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष के नेता कुछ नहीं बोल रहे हैं, जबकि उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है।
बख्तियारपुर के नाम पर बोले- नीतीश कुमार काम से देते हैं जवाब
बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ किए जाने की चर्चा पर संजय झा ने कहा कि वह नीतीश कुमार की भावना के साथ हैं। हालांकि, उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत राय बताया।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार खुद कभी नाम बदलने की राजनीति के पक्ष में नहीं रहे हैं। उनका जोर हमेशा काम करने पर रहा है और वह अपने काम के जरिए जवाब देते हैं।
नीरज कुमार के विरोध पर क्या बोले संजय झा?
मोकामा विधायक अनंत सिंह द्वारा जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के विधान परिषद चुनाव में विरोध किए जाने से जुड़े सवाल पर संजय झा ने कहा कि इस मामले को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर जेडीयू के सभी नेता एकजुट हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में है।
तेजस्वी के बाढ़ वाले बयान पर पलटवार
बाढ़ को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की केंद्र सरकार से विशेष सहायता की मांग पर भी संजय झा ने पलटवार किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बाढ़ को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन उनके समय बाढ़ आने पर लोगों को मछली खिलाने की बात कही जाती थी।
संजय झा ने कहा कि बिहार सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए लगातार काम कर रही है और लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।