दरभंगा में सहयोग शिविर के दौरान संजय सरावगी का बड़ा संदेश, बोले– 30 दिन में होगा समस्याओं का समाधान
संजय सरावगी ने कहा कि सहयोग शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जिन पंचायतों में ये शिविर आयोजित होंगे, वहां अधिकारी लगातार 13 से 14 दिनों तक मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का निपटारा करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी आवेदनों का समाधान 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यदि किसी आवेदन पर 10 दिनों तक कार्रवाई नहीं होती है तो संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। 20वें दिन पुनः नोटिस और 25वें दिन अंतिम चेतावनी जारी होगी, जबकि 30 दिन के भीतर समाधान न होने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस, प्रखंड प्रशासन और भूमि से जुड़े मामलों की विशेष मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय के स्तर से की जा रही है, क्योंकि सबसे अधिक शिकायतें इन्हीं विभागों से संबंधित होती हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं केवल मौखिक रूप से न बताकर लिखित रूप में दर्ज कराएं, ताकि उनकी जवाबदेही तय हो सके और समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी उन्होंने इसमें सहयोग करने का आग्रह किया।
संजय सरावगी ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से बिहार में महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। अब राज्य “सुशासन से समृद्धि” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि निवेशक बिहार की ओर आकर्षित हो रहे हैं और आने वाले समय में हर जिले में उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने जीविका स्वयं सहायता समूहों को महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर 326 स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों के बीच 5.12 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया। साथ ही 267.43 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन भी किया गया।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और यह नया स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, जिलाधिकारी कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।