बाइक समेत नहर में गिरे असम राइफल्स के जवान और बेटी, दोनों की तलाश जारी

Rohtas: बताया जा रहा है कि रामपुर के पास नहर के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई. इसके बाद बाइक नहर की छोटी पुलिया से टकरा गई, जिससे राम प्रकाश राम और उनकी बेटी सलोनी कुमारी बाइक समेत नहर के गहरे पानी में जा गिरे.
 

Rohtas: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। संझौली थाना क्षेत्र के रामपुर के पास बाइक सवार पिता-पुत्री नहर के गहरे पानी में गिर गए। हादसे के बाद दोनों की तलाश में स्थानीय गोताखोर, ग्रामीण युवक और पुलिस की टीम जुटी हुई है।

गुप्ता धाम जा रहे थे पिता-पुत्री

जानकारी के मुताबिक, असम राइफल्स के जवान राम प्रकाश राम अपनी बेटी सलोनी कुमारी के साथ बाइक से गुप्ता धाम जा रहे थे। दोनों तिलई गांव से निकलकर रामपुर की ओर पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि रामपुर के पास नहर के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बाइक नहर की छोटी पुलिया से टकरा गई, जिससे राम प्रकाश राम और उनकी बेटी सलोनी कुमारी बाइक समेत नहर के गहरे पानी में जा गिरे।

छुट्टी पर घर आए थे असम राइफल्स के जवान

राम प्रकाश राम असम राइफल्स में कार्यरत हैं और फिलहाल छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। इसी दौरान वह अपनी बेटी के साथ गुप्ता धाम जाने के लिए निकले थे। रास्ते में हुए हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने शुरू की तलाश

हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर संझौली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीण युवकों को दोनों की तलाश के लिए नहर के पानी में उतारा गया है। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी और बचाव अभियान में परेशानी आ रही है।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही राम प्रकाश राम के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए हैं और पिता-पुत्री के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में पिता-पुत्री की तलाश जारी है।