वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार बने RPF के महानिदेशक, 1 नवंबर से संभालेंगे कमान
केन्द्र की मोदी सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का नया महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया है. इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गयी है. वर्तमान आरपीएफ डीजी सोनाली मिश्रा 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रही हैं. इसके बाद श्री कुमार संभवतः एक नवंबर से विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे.
आरपीएफ के नए डीजी जितेंद्र कुमार वर्तमान में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के महानिदेशक तथा केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती - सीएसबीसी) के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. आरपीएफ डीजी का दायित्व मिलने के बाद उनके कंधों पर देश भर के विशाल रेलवे नेटवर्क, ट्रेनों और प्रतिदिन सफर करने वाले करोड़ों रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अहम दारोमदार होगा. बिहार सरकार जल्द ही उन्हें नई केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित करने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करेगी.
आईपीएस जितेंद्र कुमार की गिनती तेजतर्रार, निष्ठावान और सुलझे हुए प्रशासनिक अधिकारियों में होती है. अपनी पैनी प्रशासनिक समझ, कठिन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और कानून-व्यवस्था के प्रभावी संधारण में उनकी विशेष दक्षता रही है. उनकी इस महत्वपूर्ण तैनाती से पुलिस व प्रशासनिक महकमे में हर्ष का माहौल है. जानकारों का कहना है कि उनकी नियुक्ति ने एक बार फिर साबित किया है कि बिहार कैडर के अधिकारी राष्ट्रीय स्तर पर देश की आंतरिक सुरक्षा को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.