बिहार कैडर के 2017 बैच के सात आईपीएस अफसरों को प्रमोशन, 1 जनवरी 2026 से मिलेगा लाभ
Bihar news: बिहार कैडर के वर्ष 2017 बैच के सात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को कनीय प्रशासनिक ग्रेड में प्रोन्नति दी गई है। प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में स्वर्ण प्रभात, शौर्य सुमन, विनीत कुमार, अंबरीश राहुल, प्रमोद कुमार यादव, मनीष और ललित मोहन शर्मा के नाम शामिल हैं।
1 जनवरी 2026 से लागू होगी प्रोन्नति
इन सभी अधिकारियों को यह प्रोन्नति एक जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। हालांकि, प्रमोशन के बाद भी फिलहाल उनके वर्तमान पदस्थापन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
विदेश सेवा के अधिकारियों का श्रम विभाग दौरा
इसी बीच, प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारियों ने सोमवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की और श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरे के दौरान अधिकारियों को राज्य में श्रमिकों के हित में चल रही योजनाओं और नीतियों से अवगत कराया गया, ताकि वे प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके से समझ सकें।