श्रावणी मेला 2026 का भव्य आगाज, सीएम सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन; हरिद्वार की तर्ज पर विकसित होगा सुल्तानगंज

 

 

Bhagalpur: जिले के सुल्तानगंज स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा अजगैवीनाथ धाम में मंगलवार को श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फीता काटकर और पूजा-अर्चना कर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।

इस मौके पर ‘श्रावणी मेला 2026’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया। इस ऐप के जरिए देश-विदेश में बैठे शिवभक्त बाबा अजगैवीनाथ धाम और उत्तरवाहिनी गंगा के लाइव दर्शन कर सकेंगे। भागलपुर जिला प्रशासन और भागलपुर ट्रिपल आईटी के सहयोग से तैयार किए गए इस ऐप पर श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र से जुड़ी जरूरी जानकारी, रूट चार्ट, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी उपलब्ध होगी।

हरिद्वार की तर्ज पर विकसित होगा सुल्तानगंज

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया के करोड़ों शिवभक्तों की आस्था से जुड़ा आयोजन है। उन्होंने घोषणा की कि सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा क्षेत्र को हरिद्वार की तर्ज पर आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए गंगा किनारे तटबंध, बेहतर सड़कें और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

अगुवानी-सुल्तानगंज पुल को लेकर भी बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुप्रतीक्षित अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अजगैवीनाथ धाम से अगुवानी घाट के बीच रोपवे निर्माण और स्थानीय एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भी काम आगे बढ़ाने की बात कही गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रखीं विकास की मांगें

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और गंगाजल आधारित सिंचाई परियोजना को लेकर ज्ञापन सौंपा। वहीं भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल और बांका सांसद गिरधारी प्रसाद यादव ने भी क्षेत्र की विकास योजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग रखी।

श्रावणी मेला शुरू होते ही सुल्तानगंज और बाबा अजगैवीनाथ धाम का पूरा इलाका शिवभक्ति में डूब गया है। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं।