मुहर्रम में करतब दिखा रहे थे SI मुस्तकीम खान, अब निकली हेकड़ी; जानें क्या हुआ एक्शन ?

 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान पुलिस की वर्दी पहनकर तलवार लहराने का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी की पहचान कांटी थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर मुस्तकीम खान के रूप में हुई है. मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद सब-इंस्पेक्टर को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया गया है. इसके साथ ही उन्हें पुलिस लाइन भेजने का फैसला भी लिया गया है. एसएसपी के निर्देश पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. 

मुजफ्फरपुर (पश्चिम) की एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह वीडियो शुक्रवार का लग रहा है. वीडियो में तलवार लहराते दिख रहे व्यक्ति की पहचान एक सब-इंस्पेक्टर के रूप में की गई है. हालांकि, सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय किया जाएगा कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ आगे क्या विभागीय कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर नियमों के अनुसार कदम उठाए जाएंगे.