पहली ही बैठक में बड़े फैसलों के संकेत! सीएम सम्राट की कैबिनेट आज, नजरें अहम एजेंडों पर

 
Bihar News: बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज शाम 6 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित होने जा रही है। सीएम बनने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक बैठक है, ऐसे में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली दौरे से लौटते ही सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की बैठक बुलाकर साफ संकेत दे दिया है कि सरकार अब एक्शन मोड में आ चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। साथ ही विभिन्न विभागों की प्राथमिकताओं को तय करने पर भी मंथन होगा।

दिलचस्प बात यह है कि फिलहाल सम्राट कैबिनेट काफी छोटी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास 29 विभाग, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव के पास क्रमशः 10 और 9 विभागों की जिम्मेदारी है। ऐसे में शुरुआती दौर में सीमित मंत्रियों के साथ ही बड़े फैसले लेने की तैयारी दिख रही है।

वहीं, सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट विस्तार 4 मई के बाद किया जा सकता है, जिसको लेकर दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई मुलाकात में सहमति बन चुकी है। इससे पहले सीएम सम्राट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेतृत्व और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात कर राजनीतिक और प्रशासनिक रणनीति को अंतिम रूप दिया।

अब सबकी निगाहें इस पहली कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं क्योंकि यहीं से तय होगा कि नई सरकार बिहार को किस दिशा में ले जाने वाली है।