बिहार में लागू हुआ ‘स्मार्ट बिजली सिस्टम’: दिन में सस्ती, शाम को महंगी- नई TOD टैरिफ से बदलेगा बिल का खेल

 
Bihar News: बिहार में 1 अप्रैल से बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई टीओडी (टाइम ऑफ डे) टैरिफ व्यवस्था लागू हो गई है। इस नई प्रणाली के तहत अब बिजली की दरें समय के हिसाब से तय होंगी, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

नई व्यवस्था फिलहाल स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले 87 लाख से अधिक उपभोक्ताओं पर लागू की गई है। कृषि कनेक्शन को इससे बाहर रखा गया है। सरकार का उद्देश्य बिजली की खपत को संतुलित करना और पीक आवर में लोड कम करना है।

शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए तय नई दरों के मुताबिक, रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक बिजली 3.87 रुपये प्रति यूनिट मिलेगी, जबकि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यह दर घटकर 2.30 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी। वहीं, शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक पीक आवर में बिजली 4.61 रुपये प्रति यूनिट की दर से मिलेगी।

गौरतलब है कि पहले पीक आवर में उपभोक्ताओं को 5.27 रुपये प्रति यूनिट चुकाने पड़ते थे, जिसे अब घटाकर 4.61 रुपये कर दिया गया है। यानी इस समय में भी कुछ राहत दी गई है।

नई टैरिफ व्यवस्था के तहत अब बिजली बिल पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि उपभोक्ता किस समय बिजली का इस्तेमाल करता है। दिन के समय कम दरों का फायदा मिलेगा, जबकि शाम के व्यस्त समय में ज्यादा भुगतान करना होगा।

सरकार को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से लोग अपनी बिजली खपत का समय बदलेंगे, जिससे पूरे सिस्टम पर दबाव कम होगा और ऊर्जा प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सकेगा।

आपको बता दें कि यह नई टैरिफ प्रणाली उपभोक्ताओं के लिए ‘स्मार्ट यूज, स्मार्ट बिल’ का फॉर्मूला लेकर आई है जो समय के साथ बिजली इस्तेमाल करेगा, वही सस्ता बिल पाएगा।