फिट इंडिया का संदेश लेकर निकले जवान: भारत-नेपाल सीमा पर SSB की साइकिल रैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बगहा में आयोजित मुख्य रैली की शुरुआत एसपी कार्यालय परिसर से हुई। साइकिल रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए करीब चार किलोमीटर की दूरी तय कर एसएसबी 21वीं वाहिनी परिसर पहुंची। रैली के दौरान जवानों और अधिकारियों ने नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए साइकिल के उपयोग का संदेश दिया।
इस अवसर पर बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल, 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत, मुख्यालय डीएसपी दयानंद शर्मा और एसडीपीओ निहार भूषण समेत कई वरिष्ठ पुलिस एवं एसएसबी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
रैली के दौरान जवानों और अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने फिट इंडिया अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने आम लोगों से भी इस अभियान से जुड़ने और दैनिक जीवन में व्यायाम तथा फिटनेस को प्राथमिकता देने की अपील की।
सीमाई क्षेत्र में आयोजित इस जागरूकता रैली ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।