लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़: 7 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल; प्रशासन ने जारी की सूची

 

 

Bihar news: बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के पास सोमवार को अफवाह के कारण मची भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 श्रद्धालु घायल हुए हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मृतकों और घायलों की सूची जारी कर दी है। प्रशासन के मुताबिक घायलों को तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया गया।

जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अशोक धाम मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर विद्युत पोल गिरने से करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में सात लोगों की जान चली गई और 25 लोग घायल हो गए।

3 घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया

प्रशासन के अनुसार, घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई गई है। इनमें विमला देवी, रीना कुमारी और सविता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।

घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का भुगतान किया गया है। वहीं, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

अफवाह से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना करंट फैलने की अफवाह के कारण उत्पन्न हुई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के ऐसी जानकारी आगे साझा न करें।

घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की जांच के लिए प्रशासन ने त्रि-सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की गई है।