मुनाफे में दम, शेयरधारकों पर इनाम: BGCL ने 5% डिविडेंड का किया ऐलान, बिजली सेक्टर को मिली नई रफ्तार
सोमवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें ₹211.45 करोड़ के संचित लाभ में से यह राशि शेयरधारकों को देने की मंजूरी दी गई। कंपनी ने ₹10 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर ₹0.50 यानी 5 प्रतिशत डिविडेंड तय किया है।
इस फैसले को BGCL की मजबूत आर्थिक स्थिति और लगातार बेहतर प्रदर्शन का संकेत माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यह कदम न सिर्फ निवेशकों का भरोसा मजबूत करेगा, बल्कि भविष्य में विकास की गति को भी तेज करेगा।
ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने इस उपलब्धि को राज्य के ऊर्जा क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि BGCL विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
वहीं, कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने इस सफलता का श्रेय टीमवर्क और कुशल प्रबंधन को दिया।
गौरतलब है कि BGCL वर्तमान में बिहार में 11 ग्रिड उपकेंद्रों का संचालन कर रही है। यह कंपनी बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के बीच 50:50 के अनुपात वाला संयुक्त उपक्रम है, और लाभांश भी इसी अनुपात में दोनों भागीदारों के बीच वितरित किया जाएगा।
BGCL का यह कदम साफ संकेत देता है कि बिहार का ऊर्जा क्षेत्र अब न सिर्फ मजबूत हो रहा है, बल्कि आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।