बिहार बंद के दौरान NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पटना में पुलिस ने बंद समर्थकों को खदेड़ा
Bihar NEET Controversy: NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को बिहार के कई जिलों में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया. AISA, राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) समेत कई छात्र संगठनों के आह्वान पर हुए बिहार बंद का असर राजधानी पटना सहित कई शहरों में देखने को मिला. प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.
पटना में पुलिस ने संभाला मोर्चा
राजधानी पटना में डाकबंगला चौराहा, गांधी मैदान, आयकर गोलंबर और अन्य संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में छात्र और बंद समर्थक जुटे. कई जगह प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर यातायात बाधित करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए कार्रवाई की. कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जबकि पुलिस ने बंद समर्थकों को खदेड़कर मार्ग खाली कराया.
कई जिलों में प्रदर्शन और सड़क जाम
पटना के अलावा गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, बेगूसराय, आरा, पूर्णिया और अन्य जिलों में भी छात्रों ने प्रदर्शन किए. कई जगह टायर जलाकर विरोध जताया गया और मुख्य सड़कों पर जाम लगाया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई. संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. प्रमुख सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ाई गई.