बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस से झड़प; दो जवान घायल
Bihar news: जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर मंगलवार को छात्रों का प्रदर्शन देखते ही देखते तनावपूर्ण हो गया। परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी की आशंका को लेकर बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय के बाहर जमा हुए और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो जवानों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की के बाद विवाद बढ़ गया। पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार को सिर और पैर में चोट लगी है। उनका इलाज कराया जा रहा है।
आर्यभट्ट विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ का भी आरोप
हंगामे के बीच आर्यभट्ट विश्वविद्यालय परिसर में भी तोड़फोड़ और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रदर्शन के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ राहगीरों की गाड़ियों के शीशे टूटने की सूचना है।
छात्रों ने लगाया लाठीचार्ज का आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे रिजल्ट में संभावित गड़बड़ी को लेकर अपनी बात रखने विश्वविद्यालय पहुंचे थे। छात्रों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।
वहीं, पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
विश्वविद्यालय के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
छात्रों की मांगों और रिजल्ट से जुड़े विवाद को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आधिकारिक स्थिति सामने आने के बाद पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।