UGC बिल 2026 के खिलाफ पटना में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पीएम के पोस्टर पर पोती कालिख

 

Bihar news: राजधानी पटना में आज UGC बिल 2026 को लेकर सियासी माहौल गर्म नजर आया। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन और स्वर्ण समाज एकता मंच के बैनर तले सैकड़ों छात्रों और सामाजिक संगठनों ने सड़क पर उतरकर इस बिल का कड़ा विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के पोस्टर पर कालिख पोतते हुए UGC बिल को “काला कानून” बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।

छात्रों का आरोप – शिक्षा में बढ़ेगा भेदभाव

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि UGC बिल 2026 शिक्षा में समानता के नाम पर छात्रों को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की कोशिश है। मंच से बोलते हुए छात्र नेता उज्ज्वल कुमार ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर बराबरी की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर ऐसा कानून ला रही है, जिससे छात्रों के भविष्य पर असर पड़ेगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार की मंशा सही है, तो बिना छात्रों से बातचीत किए ऐसा बिल क्यों लाया गया?

नारों और भाषणों से गूंजा प्रदर्शन स्थल

प्रदर्शन के दौरान हाथों में तख्तियां लेकर छात्र नारेबाजी करते नजर आए। वक्ताओं ने अपने भाषणों में कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ का जिक्र करते हुए विरोध को वैचारिक आधार देने की कोशिश की। कुछ वक्ताओं ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी, हालांकि आयोजकों ने साफ किया कि उनका विरोध पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

इस प्रदर्शन के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। राजद और तेजप्रताप यादव द्वारा UGC बिल के समर्थन की खबरों ने सबको चौंका दिया है, वहीं भाजपा और सहयोगी दलों की चुप्पी को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। विरोधी दलों का कहना है कि सरकार को छात्रों की आशंकाओं पर खुलकर जवाब देना चाहिए।

आगे और तेज हो सकता है आंदोलन

पटना में हुआ यह प्रदर्शन सिर्फ एक दिन का विरोध नहीं माना जा रहा। छात्र संगठनों का कहना है कि अगर सरकार ने UGC बिल 2026 पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है। अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी है- क्या बातचीत होगी या सड़कों पर विरोध और बढ़ेगा।