Gaya News: गया नगर निगम की समीक्षा बैठक- स्वच्छता, पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

 

Gaya News: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया जिला अतिथि गृह सभागार में नगर आयुक्त और नगर निगम के सभी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, तिरंगा लाइट और नगर निगम से जुड़ी अन्य अहम व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था में प्रतिदिन बड़ी संख्या में सफाईकर्मी लगे हुए हैं। इनमें 1900 दैनिक कर्मी, 119 स्थायी कर्मचारी और 994 कर्मी एजेंसी के माध्यम से कार्यरत हैं। इस पर डॉ. प्रेम कुमार ने निर्देश दिया कि जो भी सफाई उपकरण और मशीनें खराब या निष्क्रिय पड़ी हैं, उनकी तुरंत जांच कर उन्हें चालू किया जाए।

मुक्तिधाम में नगर निगम के नाम पर कट रहे पर्चों को लेकर अध्यक्ष ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसकी जांच जरूरी है, क्योंकि यह राशि नगर निगम के कोष में जमा नहीं हो रही है। साथ ही मुक्तिधाम परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि शहर को साफ रखना सिर्फ सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए आम लोगों की भागीदारी और सहयोग भी जरूरी है। जनसहयोग से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

शिवरेज व्यवस्था पर चर्चा के दौरान बताया गया कि भारत सरकार द्वारा आईआईटी खड़गपुर से इसकी जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद एसटीपी और शिवरेज सिस्टम का डीपीआर तैयार किया जाएगा। जानकारी दी गई कि 4 दिसंबर 2025 को आईआईटी खड़गपुर की टीम गया आई थी और फिलहाल यह मामला वहीं लंबित है।

बैठक में बिजली विभाग को अनुपयोगी बिजली खंभे हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम सम्मान निधि योजना की भी समीक्षा की गई।

स्ट्रीट लाइट और तिरंगा लाइट को लेकर अध्यक्ष ने कहा कि शहर में जहां-जहां लाइटें बंद हैं, उनकी जांच कर जल्द से जल्द मरम्मत कर चालू कराया जाए, ताकि शहर की सुंदरता और रात में सुरक्षा बनी रहे।

इस बैठक में सुनील सिन्हा, विकास कुमार, विक्की शर्मा, राम पुकार सिंह, ऋषि लोहानी, राजनंदन गांधी, साकेत जी सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।