पटना में ‘नारी शक्ति’ का उफान: महिला आरक्षण के समर्थन में मशाल जुलूस, विपक्ष पर साधा निशाना
जुलूस को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक जुलूस नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने बाधा डालने का काम किया है, जबकि केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
जुलूस में शामिल महिलाओं ने ‘आधी आबादी को हक दो’ और ‘नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेंगे’ जैसे नारे लगाए। पूरे रास्ते में महिलाओं का उत्साह और आक्रोश साफ नजर आया। कार्यक्रम के दौरान कई महिला जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।
संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह दिखाती है कि अब वे अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक हैं और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ खुलकर सामने आ रही हैं।
इस दौरान जुलूस में शामिल महिलाओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया और सरकार के प्रति समर्थन भी व्यक्त किया। आयोजन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।