सुशील मोदी की राजनीति सेवा और सादगी की मिसाल थी- द्वितीय पुण्यतिथि पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सुशील कुमार मोदी का पूरा जीवन जनसेवा, सादगी, ईमानदार राजनीति और बिहार के विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बिहार की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने और वित्तीय अनुशासन स्थापित करने में सुशील मोदी की भूमिका ऐतिहासिक रही है।
“बिहार को वित्तीय संकट से उबारने में निभाई अहम भूमिका”
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 से 2013 तक उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में सुशील मोदी ने बिहार की राजकोषीय स्थिति को संकट से बाहर निकालकर सुशासन की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद -चारों सदनों के सदस्य रहने का दुर्लभ सम्मान प्राप्त कर सुशील मोदी ने बिहार की संसदीय परंपरा को नई ऊंचाई दी।
“उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा”
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पद्मभूषण से सम्मानित सुशील कुमार मोदी का जीवन इस बात का उदाहरण है कि सत्यनिष्ठा और जनकल्याण की भावना के साथ भी राजनीति में सर्वोच्च स्थान हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सुशील मोदी की प्रशासनिक दक्षता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करती रहेगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी सुशील मोदी को याद करते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को नमन किया।