आय से अधिक संपत्ति मामले में इंजीनियर विजय कुमार के ठिकानों पर SVU की रेड, 10 लाख कैश बरामद

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। सहरसा जिले में पथ निर्माण विभाग में तैनात अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के कई ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की गई।
 

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। सहरसा जिले में पथ निर्माण विभाग में तैनात अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के कई ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की गई। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में SVU की अलग-अलग टीमों ने यह कार्रवाई की है।

छापेमारी का दायरा सहरसा से लेकर पटना और औरंगाबाद तक फैला हुआ है। जांच टीम ने सहरसा स्थित विजय कुमार के सरकारी कार्यालय और आवास पर दबिश दी। वहीं, पटना के दानापुर स्थित गोला रोड और महेश नगर में उनके आवासीय परिसरों की तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा उनके गृह जिले औरंगाबाद के दाऊदनगर स्थित घर पर भी SVU की टीम ने छापेमारी की है।

जानकारी के मुताबिक, अब तक की तलाशी के दौरान करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हालांकि, छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामदगी और संपत्ति से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

SVU की टीमें विजय कुमार की चल-अचल संपत्ति, बैंक खातों, जमीन-जायदाद और विभिन्न निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं। जांच का उद्देश्य उनकी घोषित आय और अर्जित संपत्ति के बीच अंतर का पता लगाना है।

बताया जा रहा है कि विशेष निगरानी इकाई को अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत और जानकारी मिली थी। इसके आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अब इसी मामले में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।