गयाजी पहुंचे तेज प्रताप यादव: विष्णुपद मंदिर में की पूजा, पेट्रोल-डीजल और VIP काफिले पर भी दिया बड़ा बयान
मंदिर परिसर में पूजा के दौरान पंडा समाज और स्थानीय राजद कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में विशेष इंतजाम किए थे।
मीडिया के सवालों से बचते दिखे तेज प्रताप
गया दौरे के दौरान तेज प्रताप यादव मीडिया के कई राजनीतिक सवालों से बचते नजर आए, हालांकि कुछ मुद्दों पर उन्होंने अपने अंदाज में प्रतिक्रिया जरूर दी।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, अगर कीमत बढ़ी है, तो बढ़ी है। खुद प्रधानमंत्री भी अब इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल की बात कर रहे हैं।
VIP काफिले में कटौती का किया समर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीआईपी काफिलों में वाहनों की संख्या कम करने की अपील पर भी तेज प्रताप ने समर्थन जताया।
उन्होंने कहा कि काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करना अच्छी पहल है। इसी दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को भी अपने लंबे सरकारी काफिले को छोटा करना चाहिए।
तेजस्वी के बयान पर साधी चुप्पी
विधान परिषद चुनाव और सीट शेयरिंग को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया मांगने पर तेज प्रताप ज्यादा खुलकर बोलने से बचते दिखे।
उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, अगर उन्होंने कोई बयान दिया है, तो दिया है। उनके इस बयान को पार्टी के अंदर चल रही चर्चाओं से दूरी बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
आप लोग भी भगवान के दर्शन कीजिए
विष्णुपद मंदिर में दर्शन के बाद तेज प्रताप यादव काफी उत्साहित नजर आए। मीडिया से बातचीत खत्म करते हुए उन्होंने मुस्कुराकर कहा, विष्णुपद मंदिर हैं, दर्शन करने आए हैं… आप लोग भी भगवान के दर्शन कीजिए। पूजा-अर्चना के बाद वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।