12 लाख की सुपरबाइक से तेज प्रताप यादव ने पटना में मचाई धूम, यूजर्स बोले- संभलकर साइकिल चलाते गिर गए थे
बिहार के चर्चित राजनेता और जनशक्ति जनता दल (JJD) के नेता तेज प्रताप यादव अपने अनोखे अंदाज के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं. इस बार वे अपने एक नए वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसे उन्होंने खुद अपने Instagram अकाउंट पर शेयर किया है. इस वीडियो में तेज प्रताप यादव पटना की सड़कों पर ग्रीन कलर की शानदार सुपरस्पोर्ट बाइक Kawasaki Ninja ZX-6R चलाते हुए नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर शेयर की गई इस पोस्ट में उन्होंने इस बाइक को अपनी "पसंदीदा बाइक" बताया है, जिसने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
माई फेवरेट बाइक, माई स्टाइल, माई स्वैग! आज बहुत लंबे समय के बाद आखिरकार मुझे अपनी पसंदीदा बाइक को फिर से चलाने का मौका मिला. जैसे ही मैंने पटना की सड़कों पर कदम रखा, मुझे एक बिल्कुल अलग स्तर का उत्साह, जुनून और खुशी महसूस हुई. ऐसा लगा जैसे मैं सिर्फ सड़कों पर नहीं चल रहा हूं, बल्कि आसमान से बातें कर रहा हूँ और आजादी के साथ उड़ रहा हूं!"
Kawasaki Ninja ZX-6R एक पावरफुल सुपरस्पोर्ट मोटरसाइकिल है, जिसे खास तौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो रफ्तार और बेहतरीन परफॉर्मेंस के दीवाने हैं. इस बाइक में 636 cc का लिक्विड-कूल्ड, इनलाइन फोर-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 127 hp की जबर्दस्त पावर जनरेट करता है. ट्रैक रेसिंग को ध्यान में रखकर बनाई गई इस बाइक में बिना क्लच दबाए तेजी से गियर बदलने के लिए एक क्विकशिफ्टर दिया गया है.
तेज रफ्तार में गाड़ी को सुरक्षित रोकने के लिए इसके फ्रंट में 310 mm के डुअल सेमी-फ्लोटिंग डिस्क ब्रेक्स और रियर में 220 mm का सिंगल डिस्क ब्रेक दिया गया है. ये सेटअप ब्रेक गर्म होने के बाद भी मजबूत और स्थिर ब्रेकिंग देता है और पहिया फिसलने (स्किडिंग) के खतरे को कम करता है।
Kawasaki की इस सुपरबाइक में राइडर की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं. इसमें Sport, Road, Rain और Rider जैसे चार अलग-अलग राइडिंग मोड्स मिलते हैं, जो सड़क की स्थिति के हिसाब से बाइक की परफॉर्मेंस को एडजस्ट करते हैं. सुरक्षित ड्राइविंग के लिए इसमें तीन लेवल्स का ट्रैक्शन कंट्रोल दिया गया है. बाइक में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी को सपोर्ट करने वाला 4.3-इंच का रंगीन TFT कंसोल मिलता है. इसके साथ ही इसमें कावासाकी के इंटेलिजेंट ब्रेकिंग सिस्टम द्वारा सपोर्टेड डुअल-चैनल ABS भी दिया गया है.
ये सभी फीचर्स इस सुपरबाइक को ट्रैक के बाहर सामान्य सड़कों पर भी चलाने के लिए बेहद सुरक्षित और आरामदायक बनाते हैं. भारतीय बाजार में Kawasaki Ninja ZX-6R की एक्स-शोरूम कीमत 12.49 लाख रुपये है, जबकि अलग-अलग शहरों के हिसाब से इसकी ऑन-रोड कीमत थोड़ी बदल सकती है.