तेज प्रताप यादव का पलटवार: पोस्टर से लालू-राबड़ी की तस्वीरें गायब होने पर उठे सवालों का दिया जवाब
Patna Desk: बिहार की सियासत में इन दिनों पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की नई पार्टी चर्चा में है। दो दिन पहले उन्होंने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल का पोस्टर और चुनाव चिन्ह जारी किया था। लेकिन पोस्टर में न तो लालू यादव और न ही राबड़ी देवी की तस्वीर शामिल थी। इसे लेकर राजद समर्थकों ने नाराजगी जताई और सोशल मीडिया पर खूब सवाल खड़े किए।
“पहले तेजस्वी से पूछिए…”
मीडिया के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने पलटवार करते हुए कहा- “पहले यह सवाल तेजस्वी यादव से कीजिए कि क्यों राजद के पोस्टरों से लालू-राबड़ी की तस्वीरें हटाई गईं। उसके बाद मेरे पोस्टर पर चर्चा कीजिए।”
उन्होंने साफ किया कि उनके माता-पिता अलग राजनीतिक दल से जुड़े हैं। ऐसे में अपनी पार्टी के पोस्टरों पर उनकी तस्वीर लगाना संविधान के खिलाफ होगा।
“दिल में है माता-पिता की जगह”
तेज प्रताप ने कहा कि वे अपने माता-पिता का सम्मान करते हैं और वे हमेशा उनके दिल में रहते हैं। उन्होंने यह भी तंज कसा कि तेजस्वी यादव की कई होर्डिंग्स पर भी लालू और राबड़ी की तस्वीरें नहीं हैं।
“आज पोस्टर पर तस्वीर हो सकती है, कल हट सकती है। लेकिन मेरे दिल से कोई तस्वीर नहीं हटाई जा सकती।”
नई पार्टी और चुनावी तैयारी
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने हाल ही में जनशक्ति जनता दल के गठन की घोषणा की है। उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह ब्लैक बोर्ड तय किया गया है। माना जा रहा है कि वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अपनी नई पार्टी के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।