बाढ़ पर तेजस्वी का केंद्र पर हमला, बोले- लाखों लोग फंसे लेकिन कोई झांकने तक नहीं आया; सीतामढ़ी हत्याकांड पर भी घेरा

 

Bihar news: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और राज्य की सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ से बड़ी आबादी प्रभावित होने के बावजूद केंद्र की ओर से बिहार को अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र और भाजपा शासित राज्यों के बड़े नेता प्रभावित इलाकों का दौरा करने क्यों नहीं पहुंच रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लाखों लोग बाढ़ की चपेट में हैं, लेकिन केंद्र की ओर से कोई नेता राज्य का हाल जानने तक नहीं आया। उन्होंने ‘डबल इंजन सरकार’ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर राज्य और केंद्र में एक ही गठबंधन की सरकार है तो फिर बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त सुविधाएं क्यों नहीं मिल रही हैं।

‘चुनाव में बिहार आने वाले नेता बाढ़ में क्यों नहीं दिखते?’

तेजस्वी ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के दौरान बिहार आने वाले बड़े नेताओं के पास बाढ़ के समय प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने का समय नहीं है। उन्होंने केंद्र पर बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए आपदा की स्थिति में राज्य को पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के 15 जिलों के 87 प्रखंडों की करीब 47.92 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। तेजस्वी ने इसी आंकड़े को आधार बनाते हुए राज्य को मिलने वाली केंद्रीय मदद और राहत व्यवस्था पर सवाल उठाए।

कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला

बाढ़ के साथ तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार गंभीर अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा जब हत्या या अन्य बड़ी आपराधिक घटना की खबर न आए।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद अपराध की स्थिति बिगड़ी है और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अपराधियों के हौसले और बढ़े हैं।

सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति की हत्या से तनाव

तेजस्वी के इन आरोपों के बीच शनिवार को सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की हत्या का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया निवासी बैद्यनाथ महतो सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बैद्यनाथ महतो की पत्नी खुशदिल देवी जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग, पुलिस से झड़प

हत्या की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी के घर में आग लगा दी। हालात को काबू में करने के लिए करीब 12 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। एसपी और एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे।

स्थिति नियंत्रित करने के दौरान भीड़ और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के सिर में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की करीब आठ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की।

फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। वहीं हत्या की घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।