नवादा में शोक संतप्त परिवार से मिले तेजस्वी यादव, अस्पताल पर लापरवाही के गंभीर आरोप
बेटे की मौत पर भावुक हुईं विधायक, अस्पताल पर गंभीर आरोप
मुलाकात के दौरान जदयू विधायक विभा देवी अपने बेटे की असमय मौत को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने सीधे तौर पर अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी डॉक्टरों और अप्रशिक्षित स्टाफ की वजह से उनके बेटे की जान चली गई। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए जरूरी दस्तावेज भी तेजस्वी यादव को सौंपे।
न्याय दिलाएंगे- तेजस्वी का भरोसा
तेजस्वी यादव ने परिजनों से आवेदन लेते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
कई नेता रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक कौशल यादव समेत कई स्थानीय नेता और समर्थक मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताई।
कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब
तेजस्वी यादव के नवादा आगमन की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई। हालांकि उनका आगमन शाम को हुआ, लेकिन समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। यह दौरा सिर्फ एक संवेदना मुलाकात नहीं रहा, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों को लेकर सियासी हलचल भी तेज कर गया है।