फ्लोर टेस्ट जीती सरकार, बाहर गरजे तेजस्वी- ‘5 साल में 5 सरकार, काम कब होगा?’
सदन से बाहर निकलते ही तेजस्वी यादव ने राजनीतिक अस्थिरता को मुद्दा बनाते हुए कहा, “अगर 5 साल में 5 सरकार बनेगी, तो काम कब होगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि इस साल का बड़ा हिस्सा सिर्फ सरकार बनाने और गिराने में निकल गया, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए।
आर्थिक मोर्चे पर भी तेजस्वी ने सरकार को घेरते हुए दावा किया कि बिहार पर करीब 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है और प्रति व्यक्ति कर्ज लगभग 27 हजार रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति चिंताजनक है और कई लोगों को पेंशन व वेतन तक समय पर नहीं मिल रहा।
तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने स्वेच्छा से पद नहीं छोड़ा, बल्कि दबाव में इस्तीफा दिया। साथ ही उन्होंने मौजूदा नेतृत्व की योग्यता और पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने सत्ता पक्ष के नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर तंज कसते हुए कहा कि आज सिद्धांतों की नहीं, बल्कि सत्ता की राजनीति हो रही है।
फ्लोर टेस्ट में जीत के बावजूद सियासी बयानबाजी से साफ है कि बिहार की राजनीति में टकराव का दौर अभी थमने वाला नहीं है।