भागलपुर में गंगा का रौद्र रूप, भीषण कटाव में 100 साल पुराने चैती दुर्गा और हनुमान मंदिर गंगा में समाए

 

Bhagalpur News: जिले के राघोपुर इलाके में गंगा का रौद्र रूप लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। नदी के तेज बहाव के साथ हो रहे भीषण कटाव ने इलाके में तबाही मचा दी है। कटाव की चपेट में आने से करीब 100 साल पुराने चैती दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर देखते ही देखते गंगा की तेज धार में समा गए।

मंदिरों के गंगा में विलीन होने से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार हो रहे कटाव के कारण आसपास के इलाकों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे मौके पर पहुंचीं और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कटाव की स्थिति और बचाव कार्यों की जानकारी ली।

गंगा के लगातार बढ़ते कटाव ने राघोपुर के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि ग्रामीणों को आसपास के संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने की जरूरत बताई जा रही है।