CMO की सीधी नजर, अब सिस्टम पर सख्त पहरा- सम्राट का बड़ा ऐलान, ‘पाताल से भी निकालेंगे अपराधी’
कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को “पाताल से भी निकालने” का काम बिहार पुलिस करेगी। सरकार का उद्देश्य राज्य में सख्त और प्रभावी सुशासन स्थापित करना है।
लोक सेवाओं में सुधार पर जोर देते हुए सीएम ने बताया कि राज्य में “लोक सेवाओं का अधिकार कानून”, भूमि पोर्टल और ई-म्यूटेशन जैसी डिजिटल सेवाएं लागू की गई हैं, जिससे आम जनता को सुविधाएं तेजी से मिल रही हैं। उन्होंने इस दिशा में कई मंत्रियों के योगदान का भी जिक्र किया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं होती और लोकतंत्र में जनता ही तय करती है कि नेतृत्व किसके हाथ में होगा। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को संघर्षपूर्ण बताते हुए नीतीश कुमार के मार्गदर्शन को अहम बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने “ट्रिपल C” — करप्शन, क्राइम और कम्युनिज्म के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने की बात कही और साफ किया कि इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।
गौरतलब है कि सदन में ध्वनिमत से विश्वास मत हासिल कर सम्राट सरकार ने अपनी राजनीतिक मजबूती भी साबित कर दी, वहीं विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने नई सरकार को बधाई दी।