जमुई में बनेगा देश का सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट और स्टील हब, सीएम सम्राट चौधरी ने किया इथेनॉल प्लांट का निरीक्षण
जमुई: बिहार को औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प के तहत राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों और जमीन की उपलब्धता का जायजा लिया। जमुई जिले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इथेनॉल प्लांट के निर्माण और औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जमुई में भारत का सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा, जो मार्च 2027 तक चालू होगा। इसके अलावा, क्षेत्र को स्टील हब के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
स्थल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बताया कि जमुई में भारत का सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों व तकनीकी टीम द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार यह महत्वाकांक्षी इथेनॉल प्लांट मार्च 2027 तक पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र को एक बड़े 'स्टील हब' के रूप में विकसित करने की योजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इसके लिए आवश्यक भूमि का प्रशासनिक स्तर पर लगातार अध्ययन और मूल्यांकन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यहां विश्वस्तरीय और समुचित औद्योगिक व्यवस्था तैयार करना है, ताकि बिहार और विशेषकर जमुई के चकाई क्षेत्र को दुनिया के औद्योगिक मानचित्र पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाई जा सके। इन विशाल परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल बिहार में भारी निवेश आकर्षित होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अपार अवसर भी सृजित होंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।