बैंड-बाजे के साथ खाली कराई गई विवादित जमीन! 37 साल पुराने भूमि विवाद में कोर्ट के आदेश पर चला प्रशासन का एक्शन
यह पूरी कार्रवाई दंडाधिकारी सह अवर निबंधन एवं निर्वाचन पदाधिकारी अभिनव कुमार की निगरानी में पटखौली थाना पुलिस की मौजूदगी में की गई। बताया गया कि डूमवलिया निवासी राजेंद्र नाथ तिवारी और कैलाश नगर निवासी उमाशंकर चौधरी के बीच खाता संख्या-73 की जमीन को लेकर वर्ष 1989 से विवाद चल रहा था। मामला लंबे समय तक मुंसिफ कोर्ट में विचाराधीन रहा, जिसके बाद न्यायालय ने संबंधित भूमि को खाली कराकर वास्तविक भू-स्वामी को दखलदहानी दिलाने का आदेश दिया।
कोर्ट के निर्देश पर प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सबसे पहले बैंड-बाजे के साथ नोटिस चस्पा कर कब्जाधारी को एक घंटे के भीतर जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई। निर्धारित समय बीतने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भूमि की पैमाइश और मार्किंग कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर शांतिपूर्ण तरीके से जमीन खाली कराई और भू-स्वामी को कब्जा दिलाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
दंडाधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है और प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगा।