दांगी जाति के पात्र सदस्यों को जाति प्रमाण-पत्र निर्गत करने का निर्देश जिला पदाधिकारी ने दी
Gaya News: गया श्री के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचलाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दांगी जाति के पात्र सदस्यों को जाति प्रमाण-पत्र निर्गत करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। प्रणाम पत्र निर्गत करने में कुछ अंचलों में समस्या आ रही थी।
जिला पदाधिकारी ने सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के आलोक में सभी अंचलाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दांगी जाति के पात्र आवेदकों को जाति प्रमाण-पत्र निर्गत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जाति प्रमाण-पत्र निर्गत करने में किसी भी पात्र आवेदक को अनावश्यक कठिनाई न हो तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पूर्व में दांगी जाति के पूर्वजों द्वारा कई स्थानों पर अभिलेखों एवं खतियान में कोईरी जाति का उल्लेख किया जाता रहा है। ऐसी स्थिति में संबंधित अभिलेखों की समुचित जांच करते हुए स्थानीय स्तर पर स्थल जांच भी कराई जाए तथा उपलब्ध साक्ष्यों एवं नियमानुसार पात्रता की पुष्टि के बाद दांगी जाति का प्रमाण-पत्र निर्गत किया जाए। इस मामले में त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रमाणित कराया जा सकता है।
उन्होंने सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि इस मामले में पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करते हुए दांगी जाति के पात्र लोगों को जाति प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम एवं त्वरित बनाया जाए।