बारिश के साथ बढ़ा सांपों का खौफ! नालंदा में एक दिन में 5 लोग सर्पदंश के शिकार, सदर अस्पताल में भर्ती
Nalanda: बिहार में मानसून की सक्रियता के साथ ही नालंदा जिले में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। खेतों और निचले इलाकों में पानी भरने के कारण सांप अब सुरक्षित ठिकानों से निकलकर रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। बुधवार को नालंदा और पड़ोसी जहानाबाद जिले से पांच लोग सांप के काटने के बाद बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचे। सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घर से खेत तक बढ़ा सर्पदंश का खतरा
बरसात के मौसम में सांपों के बिल और उनके छिपने के स्थानों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे घरों, गलियों और खेतों की ओर निकल आते हैं। ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी का काम बढ़ने के कारण लोगों के सर्पदंश की चपेट में आने का खतरा भी बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद के घोषी थाना क्षेत्र के महुआबीघा गांव निवासी मुन्ना कुमार को घर में सोने के दौरान सांप ने डस लिया। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, सिलाव प्रखंड के नागपुर गांव की शिल्पी देवी को घर के पास सांप ने काट लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी प्रखंड के पचवारा गांव निवासी रंजीत कुमार खेत में काम करने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गए।
इसके अलावा नूरसराय थाना क्षेत्र के नोनियाबीघा गांव निवासी 18 वर्षीय शनि कुमार को घर के बाहर निकलने के दौरान सांप ने काट लिया। वहीं, बिहारशरीफ के पटेल नगर की अनिमा कुमारी भी सर्पदंश के बाद सदर अस्पताल पहुंचीं, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि बारिश के मौसम में सर्पदंश के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम (ASV) इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें और पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर जाएं। खेतों में काम करने के दौरान जूते पहनने, रात में सावधानी बरतने और घर के आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह भी दी गई है।