विधानसभा में आज सम्राट सरकार का फ्लोर टेस्ट, NDA का शक्ति प्रदर्शन vs विपक्ष की घेराबंदी
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही एनडीए विधायकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। हाथों में फूल और गुलदस्ते लिए विधायक समर्थन का खुला प्रदर्शन करते दिखे। इस दौरान सत्ता पक्ष का आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
एनडीए नेताओं का दावा है कि उनके पास 201 विधायकों का मजबूत समर्थन है, जिसमें BJP, JDU, LJP, HAM और RLM शामिल हैं। ऐसे में फ्लोर टेस्ट को महज औपचारिकता बताया जा रहा है। हालांकि, सियासत में अनिश्चितता को देखते हुए विपक्ष भी पूरी तरह सतर्क है।
विपक्ष की ओर से तेजस्वी यादव इस मौके को सरकार को घेरने का बड़ा अवसर मान रहे हैं। उम्मीद है कि सदन में वे सरकार की नीतियों, गठबंधन की मजबूती और हालिया राजनीतिक घटनाओं को लेकर तीखे सवाल उठाएंगे।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब यह फ्लोर टेस्ट उनके लिए सियासी वैधता का सबसे बड़ा इम्तिहान है।
एक दिन के इस विशेष सत्र में सुबह 11 बजे से कार्यवाही शुरू हो चुकी है और पूरे राज्य की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सदन में सत्ता की बाजी किसके पक्ष में जाती है।