CM सम्राट चौधरी पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सरकार सख्त, RJD के आधिकारिक X अकाउंट समेत 10 हैंडल निशाने पर

 

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट (CCSU) ने इस मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) को नोटिस जारी किया है। नोटिस में संबंधित पोस्ट हटाने के साथ-साथ जांच के लिए उनसे जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में 10 सोशल मीडिया अकाउंट को चिन्हित किया गया है। इनमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का आधिकारिक X अकाउंट भी शामिल बताया जा रहा है। CCSU ने इन खातों से जुड़ी तकनीकी और पहचान संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि पोस्ट करने वालों की पहचान की जा सके।

अकाउंट संचालकों की मांगी गई अहम जानकारी

साइबर इकाई ने X से अकाउंट धारकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इनमें अकाउंट संचालक का नाम, IP एड्रेस, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, GPS लोकेशन, लॉगिन डिटेल्स, पोस्ट अपलोड करने का समय और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड शामिल हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि इन सूचनाओं के आधार पर पोस्ट के मूल स्रोत तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

‘भ्रामक सामग्री से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका’

CCSU के अनुसार, मुख्यमंत्री से जुड़े कुछ पोस्ट ऐसे पाए गए हैं जो कथित रूप से भ्रामक हैं और लोगों को गुमराह कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री सार्वजनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। ऐसे मामलों में पोस्ट की प्रकृति और लागू कानूनी प्रावधानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर संबंधित अकाउंट संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

RJD का पलटवार

इस कार्रवाई के बाद बिहार की राजनीति भी गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि सरकार आलोचना को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाने की कोशिश कर रही है। RJD ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि “नाम में सम्राट होने का मतलब यह नहीं कि कोई खुद को बिहार का सम्राट समझने लगे।”

अब सबकी नजर X और जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई पर

फिलहाल यह देखना अहम होगा कि X, CCSU के नोटिस पर क्या कदम उठाता है और जांच एजेंसी को अकाउंट संचालकों से जुड़ी कितनी जानकारी उपलब्ध होती है। यदि जांच में संबंधित पोस्ट कानून के उल्लंघन की श्रेणी में पाए जाते हैं, तो मामले में आगे कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।