मार्च में ही ‘मई’ वाली गर्मी! बिहार में पारा 35°C के करीब, अब पश्चिमी विक्षोभ लाएगा राहत- बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

 
Bihar Weather Report: बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है। रविवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई।

सबसे ज्यादा गर्मी का असर बक्सर, गया, औरंगाबाद, रोहतास और पटना जैसे जिलों में महसूस किया गया, जहां दोपहर के समय लू जैसे हालात बनते दिखे। हालांकि इस तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है।

48 घंटे में बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले तीन दिनों के दौरान बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इससे तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक 9 से 11 मार्च के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम में यह बदलाव ओडिशा के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैली ट्रफ रेखा के कारण हो रहा है, जिससे बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं पूर्वी भारत की ओर बढ़ रही हैं।

इन जिलों में खराब मौसम की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवा चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका, जमुई और खगड़िया समेत आसपास के इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बढ़ रहा तापमान

बीते 24 घंटों में बिहार के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान Rajgir में 34.2°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा वाल्मीकिनगर में 33.4°C, Patna में 33.2°C, बक्सर में 33.1°C और मोतिहारी में 33°C तापमान दर्ज किया गया।

तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है और अब रात के तापमान में भी धीरे-धीरे इजाफा होने लगा है। हालांकि आने वाले दिनों में संभावित बारिश से मौसम कुछ हद तक सुहाना हो सकता है।