‘स्वच्छता ही सेवा’ का असर! पटना में 85 कचरा प्वॉइंट्स का कायाकल्प, लोगों ने भी निभाई जिम्मेदारी

 
Bihar news: राजधानी पटना में स्वच्छता को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पटना नगर निगम ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत शहर के 85 चिन्हित कचरा प्वॉइंट्स की साफ-सफाई कर उन्हें पूरी तरह बदल दिया है। इस अभियान की खास बात यह रही कि इसमें नगर निगम के साथ आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

हर अंचल में चला सफाई अभियान
नगर निगम ने शहर के अलग-अलग अंचलों में कचरा प्वॉइंट्स की पहचान कर सफाई अभियान चलाया। पाटलिपुत्र में 18, नूतन राजधानी में 26, कंकड़बाग में 10, बांकीपुर में 11, पटना सिटी में 10 और अजीमाबाद में 10 जगहों पर विशेष सफाई की गई।

लोगों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। उन्हें यह भी जागरूक किया गया कि कचरा सिर्फ नगर निगम की गाड़ियों में ही डालें और खुले में फेंकने से बचें।

पहले भी हटाए जा चुके हैं 650 कचरा प्वॉइंट्स
नगर निगम पहले ही करीब 650 कचरा प्वॉइंट्स को खत्म कर चुका है। इसके बावजूद कुछ जगहों पर फिर से गंदगी फैलने की समस्या सामने आ रही है, जिसकी बड़ी वजह खुले में कचरा फेंकना और सड़क किनारे पशुओं को भोजन देना बताया जा रहा है।

शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। अगर किसी इलाके में कचरा उठाव नहीं हो रहा है, तो नागरिक टोल फ्री नंबर 155304 या 9264447449 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इस पहल से साफ है कि अब पटना को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम जनता भी जिम्मेदारी निभा रही है, जिससे शहर को साफ और स्वस्थ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।