‘सम्राट सरकार’ का अगला बड़ा कदम! मई में होगा कैबिनेट विस्तार, नए चेहरों की एंट्री तय?
फिलहाल छोटी कैबिनेट, बड़े फैसलों की तैयारी
नई सरकार में सीएम सम्राट चौधरी के साथ जदयू कोटे से विजय चौधरी और विजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री बने हैं। अभी तीनों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार जारी है।
मई में होगा कैबिनेट विस्तार
सूत्रों के अनुसार, मई महीने में कैबिनेट विस्तार की पूरी संभावना है। बताया जा रहा है कि 4 मई के बाद नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। तब तक मंत्री पद की दौड़ में शामिल नेताओं को इंतजार करना पड़ेगा।
देरी की वजह क्या है?
मंत्रिमंडल विस्तार में देरी की बड़ी वजह पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही बिहार में नई टीम का गठन तेज किया जाएगा।
पुराना फॉर्मूला, नया नेतृत्व
संकेत साफ हैं कि एनडीए सरकार का पुराना संतुलन बरकरार रहेगा। हालांकि इस बार बीजेपी ‘बड़े भाई’ की भूमिका में दिखेगी, जबकि जदयू की भागीदारी भी मजबूत बनी रहेगी। साथ ही लोजपा (रामविलास), रालोमो और हम (से) जैसे सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है।
पुराने चेहरों पर भरोसा, नए को सीमित मौका
सूत्रों की मानें तो नई कैबिनेट में ज्यादातर पुराने और अनुभवी नेताओं को ही जगह मिलेगी। नए चेहरों की एंट्री सीमित हो सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी तय मानी जा रही है।
बिहार में ‘सम्राट सरकार’ का अगला बड़ा कदम कैबिनेट विस्तार होगा, जिस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं कौन बनेगा मंत्री और किसकी होगी छुट्टी, इसका फैसला मई में सियासी तस्वीर और साफ करेगा।