अतिक्रमण हटाने पहुंची अधिकारी ने पेश की इंसानियत की मिसाल, मां का हाथ बंटाने को बच्चे को गोद में उठाया

 
Motihari News: प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अक्सर सख्ती की तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। अतिक्रमण हटाने के अभियान के बीच अंचलाधिकारी नाज़नी अकरम ने संवेदनशीलता और मानवता का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, पताही प्रखंड के बोकानेपट्टी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी। अभियान की निगरानी स्वयं अंचलाधिकारी नाज़नी अकरम कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो एक हाथ में छोटे बच्चे को संभाले हुए थी और दूसरे हाथ से अपना सामान हटाने में जुटी थी।

महिला की परेशानी को देखते हुए सीओ नाज़नी अकरम तुरंत उसके पास पहुंचीं और बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया। इसके बाद महिला को अपना सामान समेटने में काफी सहूलियत मिली। इस दौरान अधिकारी ने बच्चे को प्यार-दुलार भी किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे पढ़-लिखकर बड़ा अधिकारी बनने की प्रेरणा दी।

प्रशासनिक कार्रवाई के बीच मानवीय संवेदना की यह तस्वीर वहां मौजूद लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गई। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी जिम्मेदारियों के साथ आम लोगों की भावनाओं को समझने वाला ऐसा व्यवहार बहुत कम देखने को मिलता है।

सीओ की इस पहल की तस्वीरें और वीडियो अब क्षेत्र में तेजी से चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि यह घटना बताती है कि प्रशासनिक सख्ती के साथ संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण भी उतना ही जरूरी है।