बापू सभागार में गूंजा ‘नव बिहार’ का संकल्प: Let’s Inspire Bihar महासभा में जुटे हजारों लोग, 10 लाख जोड़ने का लक्ष्य तय

 
Bihar news: पटना के बापू सभागार में आयोजित Let’s Inspire Bihar के पंचम वार्षिकोत्सव ने इस बार इतिहास रच दिया। ‘बिहार सांस्कृतिक पुनर्जागरण महासभा 2026’ के मंच से न सिर्फ बिहार की नई सोच सामने आई, बल्कि हजारों लोगों की मौजूदगी ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दे दिया।

कार्यक्रम में राज्य के लगभग सभी जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पूरा सभागार खचाखच भरा रहा और माहौल में ‘नव बिहार’ के निर्माण का जोश साफ दिखाई दिया। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार के सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में एक मजबूत संदेश बनकर उभरा।

एक साल में दोगुनी हुई ताकत
आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष जहां करीब 1.85 लाख लोग इस अभियान से जुड़े थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 3.55 लाख के पार पहुंच चुकी है। यह तेजी से बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि अभियान को समाज के हर वर्ग से समर्थन मिल रहा है।

अब 10 लाख जोड़ने का लक्ष्य
महासभा का सबसे अहम पल तब आया जब उपस्थित हजारों लोगों ने एक स्वर में अगले एक साल के भीतर 10 लाख लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। इस सामूहिक प्रतिबद्धता ने पूरे कार्यक्रम को नई ऊर्जा और दिशा दी।

दिग्गजों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस खास मौके पर परमपूज्य स्वामी आगमानंद, विनय पत्राले, सैयद शमायल अहमद, विधायक मिथिलेश तिवारी और रजनीश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद, स्टार्टअप फाउंडर्स और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

‘यात्रा गतिमान है’- आंदोलन की नई दिशा
इस आयोजन ने साफ कर दिया कि बिहार में सांस्कृतिक और सामाजिक बदलाव की एक नई लहर उठ चुकी है। आयोजकों का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है आने वाले समय में यह अभियान और व्यापक रूप लेगा।