पटना हाईकोर्ट की नई मुख्य न्यायाधीश को विधानसभा अध्यक्ष की शुभकामनाएं, न्यायपालिका को मिलेगी नई मजबूती
Jun 5, 2026, 19:09 IST
Bihar News: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय को पटना उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति न्यायपालिका की गौरवशाली परंपराओं को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय पटना हाईकोर्ट की 48वीं मुख्य न्यायाधीश हैं और इस पद तक पहुंचने वाली दूसरी महिला न्यायाधीश के रूप में उन्होंने एक नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके व्यापक न्यायिक अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ न्यायिक व्यवस्था को मिलेगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि न्यायमूर्ति राय का नेतृत्व न्याय के प्रभावी संचालन, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा तथा आम लोगों के न्याय व्यवस्था पर भरोसे को और मजबूत करेगा। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पटना हाईकोर्ट नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।