पटना में गूंजा बिहार के आमों का स्वाद, ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल-2026 में किसानों और उद्यान विशेषज्ञों का संगम

 
Bihar News: राजधानी पटना के बधाई बैंक्वेट हॉल में आयोजित बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन के द्वितीय ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल-2026 ने कृषि और बागवानी क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर बिहार की समृद्ध कृषि विरासत को नई पहचान देने का काम किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, नर्सरी संचालक, कृषि वैज्ञानिक, उद्यानिकी विशेषज्ञ और कृषि उद्यमी शामिल हुए।

महोत्सव को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिहार कृषि और बागवानी की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। विशेष रूप से आम उत्पादन के क्षेत्र में बिहार ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह आयोजन केवल आम की विभिन्न किस्मों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किसानों की नवाचार क्षमता, उद्यानिकी विकास और कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच भी बना।

कार्यक्रम के दौरान बिहार के प्रसिद्ध आमों—जर्दालू, मालदह, लंगड़ा, कृष्णभोग समेत कई उत्कृष्ट किस्मों की विशेषताओं, उत्पादन क्षमता और बाजार संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता सुधार और बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़ने पर बल दिया।

वक्ताओं ने कहा कि बिहार के आमों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी नई पहचान दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लक्ष्य यह है कि राज्य के किसानों को बेहतर मूल्य मिले और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो।

ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल-2026 के माध्यम से बिहार की कृषि शक्ति, बागवानी क्षमता और किसानों की मेहनत को नई ऊर्जा मिली। कार्यक्रम में मौजूद किसानों और उद्यान विशेषज्ञों ने इसे राज्य के कृषि विकास और फल उत्पादकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।