बनारस जैसी गंगा आरती का नजारा अब एतवारपुर में, 5 पुजारियों की आरती देखने उमड़ रहे श्रद्धालु, माता के जयकारों से गूंजा इलाका
बिहार के एतवारपुर में नवरात्र के मौके पर बनारस की तर्ज पर गंगा आरती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यहां पांच पुजारियों द्वारा की जा रही आरती को देखने के लिए हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पहली बार आयोजित हो रही इस विशेष आरती को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
आरती शुरू होने से पहले ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। इसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। आरती के दौरान पूरा इलाका माता के जयकारों से गूंज उठता है। बनारस की पारंपरिक गंगा आरती जैसा दृश्य देखकर श्रद्धालु भी काफी उत्साहित हैं। आसपास के गांवों से भी लोग इस आयोजन को देखने पहुंच रहे हैं।
पूजा समिति के अध्यक्ष मुनीर यादव ने बताया कि एतवारपुर में पहली बार इस तरह की आरती का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र की प्रतिपदा से शुरू हुई यह आरती नवमी तक जारी रहेगी। हर दिन शाम करीब 6:30 बजे आरती शुरू होती है, जो लगभग आधे घंटे तक चलती है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूजा समिति के सदस्य स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं, वहीं पटना प्रशासन की भी मदद ली जा रही है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के आरती में शामिल होने का अवसर देना है।