बिहार में मौसम का बदला मिजाज, सुबह-शाम हल्की ठंड तो दोपहर में गर्मी का एहसास

बिहार में नवंबर के साथ ही मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बरकरार है।
 

बिहार में नवंबर के साथ ही मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बरकरार है। मौसम में आए इस बदलाव के बीच फिलहाल राज्य में ठंड के तेजी से बढ़ने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को सुबह और रात में हल्की ठंड, जबकि दिन में सामान्य गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

राजधानी पटना की बात करें तो सुबह हल्की धुंध छाए रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होगी, जिससे दोपहर में मौसम गर्म महसूस हो सकता है। मौसम विभाग ने पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। इससे पहले मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अगले 4-5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, अगले 3 से 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर रह सकता है। हालांकि, इसके बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है।

कुल मिलाकर, फिलहाल बिहार में कड़ाके की ठंड का इंतजार करना होगा। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्माहट का एहसास होता रहेगा।