बिहार में बदलने लगा मौसम, सुबह-रात में ठंड तो दिन में तेज धूप; इन जिलों में बारिश के आसार
बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद अब पछुआ हवा चल रही है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, 17 और 18 अक्टूबर को उत्तर बिहार के कुछ इलकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
पछुआ हवा से बढ़ने लगी ठंड
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह मानसून की विदाई और हवा की दिशा में परिवर्तन है। पछुआ हवा चलने से रात के समय जमीन तेजी से ठंडी होने लगती है। इसका असर सुबह के तापमान पर पड़ता है और लोगों को हल्की ठंड महसूस होने लगती है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने के कारण तापमान बढ़ जाता है, जिससे गर्मी का एहसास बना रहता है।
मानसून की विदाई के बाद भी वातावरण में मौजूद नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में राज्य के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और देर रात मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा। पटना में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण बदलाव हो सकता है।
दुर्गा पूजा में मौसम का रहेगा असर
दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में दर्शन और घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए मौसम का पूर्वानुमान अहम है। बिहार में 17 अक्टूबर को सप्तमी, 18 अक्टूबर को अष्टमी और 19 अक्टूबर को नवमी मनाई जाएगी। इन दिनों उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को बाहर निकलने से पहले स्थानीय मौसम का अपडेट जरूर देखना चाहिए।
फिलहाल बिहार में दिन की गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद कम है, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का एहसास धीरे-धीरे बढ़ सकता है।